नगरीय विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि विपक्ष के नेताओं द्वारा मोहब्बत की दुकानों से मिथ्या बातें कर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा हैं, परन्तु प्रदेश की जनता समझदार है और इनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते राष्ट्र का भी विरोध कर जाते हैं और हताशा और निराशा में राष्ट्रद्रोह का अपराध कर बैठते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक राष्ट्रभक्त संगठन है जो सदैव राष्ट्र के उत्थान के लिए कार्यरत रहता है। जबकि विपक्ष के नेताओं ने कई बार राष्ट्र को तोड़ने के मंसूबे रखने वालों का छुपकर साथ दिया है।
खर्रा ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार ने एक साल में आमजनता के हित में सकारात्मक निर्णय लिए है। हमारी सरकार ने किसानों को पेयजल एवं सिंचाई के पानी उपलब्ध करवाने के लिए ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना का मार्ग प्रशस्त किया है। वहीं ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए दो लाख करोड़ से अधिक के एमओयू किए है, जिनको धरातल पर लागू किया जा रहा है। इसी तरह युवाओं के लिए समय पर एवं पारदर्शिता के साथ रोजगार उपलब्ध करवा रहीं हैं। हमारी सरकार जनहित एवं प्रदेश की उन्नति और प्रगति के लिए भरपूर कार्य कर रही हैं।