आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनय मिश्रा और प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल ने बृहस्पतिवार को अलवर की राजगढ़ - लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में लोगों को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की गारंटियों के बारे में बताया। उसके बाद दौसा में प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने गांधी सर्किल से डोर टू डोर जनसंपर्क करके गारंटी कार्ड का वितरण किया। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी गारंटी कार्ड लेकर प्रदेश के घर-घर जाकर जनता को अरविंद केजरीवाल की गारंटियों के बारे में जानकारी दे रही है। जनता के बीच जाने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा कि पहले सियासी दल घोषणा पत्र जारी करके चले जाते थे और जीतने के बाद जनता की सुध भी नहीं लेते थे। जब से आम आदमी पार्टी अस्तित्व में आई और अरविंद केजरीवाल जी ने गारंटी देना शुरू किया है। तब से सभी सियासी दल लोगों को गारंटियां देने पर मजबूर हो गए हैं जो दल पहले जाति धर्म और लोगों को बांटकर चुनाव लड़ते थे। वो भी आज शिक्षा और स्वास्थ्य की बात करने पर मजबूर हुए हैं।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए विनय मिश्रा ने कहा कि जिस सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार को सह दी और एक निरंकुश सरकार चलाई वह पार्टी चुनावी मौसम में लगातार घोषणाएं कर रही है, लेकिन राजस्थान की जनता उनकी इन घोषणाओं को बखूबी समझती है। इसलिए यह लोग इस गलतफहमी में बिल्कुल भी ना रहे कि जिस जनता ने बीजेपी और कांग्रेस को इतने सालों तक सत्ता का सुख भोगने का मौका दिया। वह अब इन पर फिर से विश्वास करेगी। आज आम आदमी पार्टी एक मजबूत और भरोसेमंद विकल्प बनकर जनता के सामने मौजूद है जनता का यह विश्वास ही है। जो बारिश के मौसम में भी लोग केजरीवाल के गारंटी कार्ड वितरण कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब की जनता के भरोसे के मुताबिक काम किया है। उसी का परिणाम है जो दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताते हुए अरविंद केजरीवाल को तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद पर बैठाया और एमसीडी की जिम्मेदारी भी आम आदमी पार्टी को सौंपी। अरविंद केजरीवाल की गारंटी का सबूत दिल्ली और पंजाब की जनता है जिनको अरविंद केजरीवाल और सरदार भगवंत मान जी के नेतृत्व में लगातार जनहित में किए गए कार्यों का लाभ मिल रहा है। राजस्थान की जनता को भी विकास से जोड़ने और उनकी समस्याओं को मद्देनजर रखते हुए आम आदमी पार्टी आज राजस्थान की जनता के बीच है। हमारा संकल्प है कि हम राजस्थान को भ्रष्टाचार मुक्त करके एक नए राजस्थान का निर्माण करें।