वी. के. सिंह, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, ए.टी.एस. एवं एस.ओ.जी. राजस्थान, जयपुर ने बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर द्वारा कनिष्ठ न्यायिक, सहायक लिपिक ग्रेड-द्वितीय एवं लिपिक ग्रेड-द्वितीय के पदों पर सीधी भर्ती हेतु संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा, 2022 दिनांक 12.03.2023 एवं 19.03.2023 को दिन में समय 12.00 बजे से 2.00 बजे तक आयोजित की गई थी।
अभियुक्ता संगीता बिश्नोई पुत्री रामस्वरूप खिलेरी का परीक्षा दिनांक 19.03.2023 को परीक्षा केन्द्र आर.एन.बी. यूनिवर्सिटी बीकानेर (राजस्थान) था। संगठित नकल गिरोह के मुख्य अभियुक्त पौरव कालेर पुत्र ओमप्रकाश कालेर जाति जाट निवासी रामपुर, पुलिस थाना छापर, जिला चूरू द्वारा सालासर से मोबाईल फोन के माध्यम से अभियुक्ता संगीता बिश्नोई को परीक्षा केन्द्र में ब्ल्यूटूथ डिवाईस से प्रश्न पत्र के उत्तरों की नकल करवाई थी।
संगीता बिश्नोई उक्त सार्वजनिक प्रतियोगी परीक्षा में नकल कर उर्तीण हो गई थी एवं धोखाधडी पूर्वक कनिष्ठ श्रेणी लिपिक (ग्रेड-द्वितीय) के पद पर चयनित हो गई थी। संगीता बिश्नोई वर्तमान में न्यायालय सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, देसूरी जिला पाली में पदस्थापित है।
कनिष्ठ श्रेणी लिपिक (ग्रेड-द्वितीय) के पद पर धोखाधडी पूर्वक चयनित होने का अपराधिक कृत्य कारित करने के फलस्वरूप धारा 420, 467, 468, 471, 120बी भादसं. 3, 4, 6, 2च (ii), 10 राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम, 2022 का अपराध प्रमाणित पाये जाने पर अभियुक्ता संगीता बिश्नोई को अभियोग संख्या 09/2025 पुलिस थाना एसओजी, जयपुर प्रकरण में अनुसंधान अधिकारी प्रकाश कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसओजी, जयपुर द्वारा आज दिनांक 08.07. 2025 को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्ता संगीता बिश्नोई से इस प्रकरण में अनुसंधान जारी है।