प्रदेश में बीते चार दिनों से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज होने के साथ ही अब गुलाबी सर्दी ने अपनी दस्तक दे दी है।
सुबह और शाम लोगों को हल्की गुलाबी सर्दी के चलते सुहाने मौसम का अहसास होने लगा है। बीते चार दिनों में रात के तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा चुकी है तो वहीं इस दौरान दिन के तापमान में भी करीब 1 से 2 डिग्री की गिरावट ने लोगों को राहत दी है।
बीते चार दिनों की अगर बात की जाए तो रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा चुकी है। इस दौरान बीती रात सीकर में इस सीजन का सबसे कम तापमान 12.2 डिग्री दर्ज किया गया तो वहीं 7 जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। बीती रात भीलवाड़ा में 14 डिग्री, अलवर में 12.6 डिग्री, सीकर में 12.2 डिग्री, डबोक में 14.2 डिग्री, अंता बारां में 13.9 डिग्री, करौली में 14 डिग्री और जालोर में 14.9 डिग्री रात का तापमान दर्ज किया गया।
बीते कुछ दिनों से दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बाद भी प्रदेश के करीब सभी जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। बीते 24 घंटों में जैसलमेर में सबसे ज्यादा 37 डिग्री दिन का तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ ही हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की चेतावनी मौसम विभाग की ओर से जारी की गई है। ऐसे में बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मावठ के बाद सर्दी अपना असर दिखाती हुई नजर आएगी।