अक्टूबर का महीना खत्म होने को हैं और अब गुलाबी सर्दी ने प्रदेश के करीब सभी हिस्सों में अपनी दस्तक दे दी है। बीते कुछ दिनों से लगातार रात के तापमान में हल्की गिरावट के साथ लोगों को गर्मी से निजात मिलने के साथ ही गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगा है। हालांकि अभी भी प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन का तापमान स्थिर बने रहने के चलते दिन में लोगों को हल्की गर्मी का अहसास सता रहा है।
बीते एक सप्ताह से रात के तापमान में लगातार गिरावट होने से लोगों को रात की उमस और गर्मी से राहत मिली है। बीती रात प्रदेश के करीब सभी जिलों में रात का तापमान 19 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इसके साथ ही बीती रात 14 डिग्री के साथ सीकर में सबसे सर्द रात दर्ज की गई। बीती रात सीकर में 14 डिग्री, डबोक में 16.1 डिग्री, अंता बारां में 15.9 डिग्री, डूंगरपुर में 16.7 डिग्री, सिरोही में 15.2 डिग्री, फतेहपुर में 15.8 डिग्री, करौली में 16.3 डिग्री, जालोर में 16.3 डिग्री के साथ रात का तापमान 17 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
रात के तापमान में जहां लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है तो वहीं दिन का बढ़ा हुआ तापमान अभी भी लोगों को सता रहा है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन का तापमान 33 डिग्री के पार दर्ज किया गया। इस दौरान 37.4 डिग्री के साथ पिलानी और फलौदी में सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज होने की संभावना है। इस दौरान कई हिस्सों में आसमान में बादलों की आवाजाही के चलते भी तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी तो वहीं नवम्बर के पहले सप्ताह से दिन के तापमान में गिरावट लोगों को दिन की गर्मी और उमस से राहत देगी।