शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की पहल पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो के वैज्ञानिक रामगंजमंडी में तीन दिन कैंप कर कोटा संभाग के स्कूली विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के रहस्य से रूबरू कराएंगे। दुनिया को अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत का लोहा मनवाने वाले इसरो के वैज्ञानिकों की ताकत और आगामी योजनाओं का प्रदर्शन भी करेंगे।इतना ही नहीं विद्यार्थी इन वैज्ञानिकों से सीधा संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी कर सकेंगे।
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इसरो के वैज्ञानिकों एवं टेक्नीशियन का 10 सदस्यीय दल इसरो की अंतरिक्ष विज्ञान वेगन के साथ कोटा पहुंच चुका है। दल में भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान संगठन इसरो के 6 वरिष्ठ वैज्ञानिक तथा चार उच्च श्रेणी के टेक्नीशियन शामिल है। कार्यक्रम के अनुसार दल प्रथम दिन कल 17 जनवरी को 100 चयनित छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण देगा। प्रशिक्षण सुबह 9:30 बजे से प्रारंभ हो कर शाम तक चलेगा। इन 100 छात्रों में 50 छात्र स्वयंसेवक होंगे जो ncc के कैडेट,स्काउट एवं गाइड है। प्रबंधन वाले 50 छात्र कक्षा 11व 12 में पढ़ने वाले विज्ञान वर्ग के छात्र है। अगले दिन 18-19 जनवरी को प्रातः 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शनी का आयोजन होगा।
प्रदर्शनी के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार 10 हजार बच्चों का पंजीयन किया गया है। 5000 बच्चे प्रतिदिन प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकेंगे। इन बच्चों में साढे चार हजार बच्चे राजकीय विद्यालयों के हैं जबकि साडे पांच हजार बच्चे निजी विद्यालयों से पंजीकृत किए गए हैं। इसके लिए विक्रम साराभाई अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र की अत्यधिक वेगन कोटा पहुंच गई है।इस वेगन के जरिए विद्यार्थियों को चंद्रयान प्रक्षेपण, रॉकेट लॉन्चिंग और अंतरिक्ष विज्ञान के अन्य रहस्यों व तकनीक से अवगत कराया जाएगा। पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामगंजमंडी एवं कृषि उपज मंडी रामगंजमंडी में आयोजित स्पेस मोबाइल एग्जिबिशन का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में इसरो की योजना, नेविगेशन और अंतरिक्ष कार्यक्रमों को शामिल किया गया है। मोबाइल प्रदर्शनी में दीर्घ तरंग संचरण और मार्गदर्शन उपग्रह चंद्रयान 1,2, 3, मंगलयान,आदित्य L-1, गगनयान उपग्रह, इमेजरी और अंतरिक्ष उपयोगिताओं का प्रदर्शन भी शामिल है। मंगल मिशन, पीएसएलवी, एस आरजीएसएलवी-2,जांच यान जीएसएलवी के -3, इनसेट उपग्रह आईआरएसएटी,चंद्रयान-3,ईरान (नाविक) आदि के कैमरा मॉडल का प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रह की परिक्रमा करने वाला पहला उपग्रह इस प्रदर्शनी का एक मुख्य आकर्षण होगा । 12 अंतरिक्ष यान और मंगल मिशनों के वास्तविक परीक्षण को शो के व्यापक वीडियो और व्रत चित्र और अन्य स्क्रीनिंग में शामिल किया गया है। शो में प्रश्न उत्तर सत्र,पेंटिंग,क्विज आदि भी शामिल होंगे। प्रदर्शनी के लिए कृषि उपज मंडी में 1000 वर्ग मीटर क्षेत्र में पंडाल तैयार किया गया है एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामगंजमंडी के तीन कमरों में शॉर्ट मूवी, इसरो क्वीज एवं अन्य गतिविधियों की जाएगी।
प्रधानमंत्री की प्रेरणा से छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागृत करना उद्देश्य: शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि इसरो द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का रामगंजमंडी में आयोजन करने के पीछे मूल उद्देश्य विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करना है। ताकि वह अंतरिक्ष विज्ञान को अपने करियर के एक अवसर के रूप में चुने। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देश भर में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान और भविष्य में उसकी बहुआयामी उपयोग को लेकर जागृत करने और प्रेरित करने के लिए आयोजन किया जा रहा है। कोटा और विशेष कर रामगंजमंडी के विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि जागृत हो ऐसा प्रयास है।