नवम्बर का अंतिम सप्ताह शुरू हो चुका है और अब प्रदेश में सर्दी ने अपना अहसास करवाना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से सुबह और शाम की गुलाबी सर्दी ने लोगों को गर्मी से राहत देना शुरू किया था, लेकिन अब रात के तापमान में हो रही लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में 9 जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
बीते 48 घंटों की अगर बात की जाए तो प्रदेश में रात का तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इस दौरान फतेहपुर में सबसे कम 6.8 डिग्री पारा दर्ज किया गया। इसके साथ ही भीलवाड़ा में 9.4 डिग्री, पिलानी 9.5 डिग्री, सीकर 7 डिग्री, सवाई माधोपुर 9.8 डिग्री, करौली में 9.8 डिग्री, चूरू 8 डिग्री, संगरिया 8.4 डिग्री, जालोर 9.9 डिग्री पारा दर्ज किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के करीब सभी जिलों में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
प्रदेश के करीब सभी जिलों में जहां रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंचने के साथ ही लोगों को राहत मिलने लगी है, तो वहीं दिन का तापमान अभी भी ज्यादा दर्ज होने से दिन में सूर्य की तपीश लोगों को सता रही है। बीते 24 घंटों में 31.7 डिग्री के साथ बाड़मेर में सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इसके साथ ही अभी भी प्रदेश के अधिकतर जिलों में रात का पारा 25 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है।
प्रदेश में जहां सुबह और शाम को गुलाबी सर्दी के चलते अब ठंडक बढ़ने लगी है तो वहीं रात के तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं मौसम विभाग ने 27 नवम्बर के बाद बारिश की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में बारिश के बाद मौसम विभाग ने घने कोहरे साथ ही सर्दी बढ़ने की चेतावनी भी जारी की है।