राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिलें के भिवाड़ी में ज्वेलरी शॉप में डकैती व हत्या की वारदात हुई। ज्वेलरी शोरूम में डकैती करने पहुंचे 5 बदमाशों ने ज्वेलरी शोरूम मालिक जयसिंह सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं ज्वेलर का भाई गाेली लगने से गंभीर घायल हो गया। भजनलाल सरकार कानून व्यवस्था को लेकर सवालो से घिरती नजर आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने भजनलाल सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर हमला बोला है। वही घटना को लेकर व्यापारियों की और से प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
घटना पर पुलिस का बयान सामने आया है जिसमें कहा गया है की घटना कमलेश ज्वेलर्स पर हुई। शोरूम पर एक कार आकर रुकी। कार से पांच युवक नीचे उतरे और शोरूम में घुस गए। उन्होंने शोरूम में घुसते ही ज्वेलर जय सिंह, उसके भाई मधुसूदन और बेटे वैभव को पिस्टल दिखाई और ज्वेलरी लूटने लगे। ज्वेलरी लूटते देखकर तीनों ने विरोध किया और बदमाशों से भिड़ गए। गार्ड अजान सिंह और एक अन्य रामनरेश भी वहां आ गए।उन्होंने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने गोलियां चला दीं। गोली जयसिंह और मधुसुदन के लग गई। वहीं मारपीट में वैभव समेत तीन अन्य घायल हो गए। मौका देखकर बदमाश कार में बैठकर फरार हो गए। गंभीर घायल जयसिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं मधुसूदन की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना को लेकर भिवाड़ी एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने कहा की शोरूम पर पांच लोग सफेद कलर की स्विफ्ट गाड़ी से आए थे।बदमाश गाड़ी से उतरते हैं, शोरूम के अंदर जाते हैं। फिर पिटाई करते हैं और फायरिंग करते हैं। बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कराई गई है। बदमाश कितनी ज्वेलरी ले गए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। कितने राउंड फायरिंग हुई है, इसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। अभी पुलिस मौके पर है, जानकारी जुटाई जा रही है।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भिवाड़ी घटना को लेकर भजनलाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया के अपने अकांउट पर एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा की भिवाड़ी में हुई डकैती एवं हत्या की घटना बेहद गंभीर एवं राज्य सरकार के माथे पर कलंक के समान है। इस घटना को लेकर एडीजी क्राइम एवं आईजी रेंज से बात कर जानकारी ली। यहां डकैतों ने एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी एवं दूसरे व्यापारी घायल हैं। यह घटना राज्य में लगातार बिगड़ती जा रही कानून व्यवस्था की पोल खोल रही है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एंव पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भिवाड़ी घटना को लेकर भजनलाल सरकार पर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया के अपने अकांउट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा की एक तरफ भिवाड़ी में आतंकी ट्रेनिंग सेंटर पकड़ा गया है तो दूसरी ओर वहीं आज शाम ज्वेलरी शॉप पर खुलेआम डकैती की वारदात के दौरान शोरूम मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह स्थिति बहुत भयावह व चिंताजनक है। अपराधी कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं, अपराध दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार लाचार नजर आ रही है।