केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री ने जारी किया यात्राओं का विस्तृत विवरण, तीसरी यात्रा रामदेवरा से चार सितंबर को रवाना होगी।
एक नजर : तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा पर
- 18 दिन में 2574 किलोमीटर का सफर तय करेगी
- 51 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी
- 45 से अधिक स्थानों पर आमसभा होगी
- 21 सितंबर को जोधपुर शहर में आमसभा से होगा यात्रा का समापन
केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भाजपा की ओर से निकाली जाने वाली चारों परिवर्तन संकल्प यात्राओं का विस्तृत विवरण जारी किया। चार में से एक यात्रा जोधपुर संभाग में रामदेवरा से चार सितंबर को आरंभ होगी। इसका समापन 21 सितंबर को जोधपुर शहर में आमसभा के साथ होगा। शेखावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन संकल्प यात्रा राजस्थान में भाजपा की सत्ता प्राप्ति की सीढ़ी होगी। इस यात्रा से सृजित ऊर्जा प्रदेश में कांग्रेस के कुराज को उखाड़ फेंकने में मददगार साबित होगी।
भाजपा जोधपुर संभाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया के अनुसार केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत शुक्रवार को जोधपुर के अल्प प्रवास पर रहे। इस दौरान शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में शेखावत ने बताया कि चारों यात्राओं में जोधपुर संभाग की तीसरी यात्रा सबसे लंबी दूरी तय करेगी। यह यात्रा चार सितंबर को रामसापीर की नगरी पवित्र स्थल रामदेवरा से शुरू होगी। इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का सानिध्य मिलेगा। यात्रा में वे स्वयं (गजेन्द्र सिंह शेखावत) तो मौजूद रहेंगे ही, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष श्री सीपी जोशी, केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री श्री कैलाश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष श्री राजेन्द्र राठौड़, उप नेता प्रतिपक्ष श्री सतीश पूनिया, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक पूर्व राज्यसभा सांसद श्री नारायण पंचारिया और यात्रा के जोधपुर संभाग संयोजक श्री राजेन्द्र गहलोत सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा नेता इसमें शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि यह तीसरी यात्रा 18 दिन में 2574 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस दौरान जोधपुर संभाग की 33, नागौर की 10, अजमेर की 08, कुल 51 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। सभी विधानसभा क्षेत्रों में परिवर्तन यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
शेखावत ने बताया कि भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा धार्मिक स्थलों से आरंभ हो रही है। पहली यात्रा दो सितंबर को सवाईमाधोपुर के रणथम्भौर स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर से आरंभ होगी। इसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रवाना करेंगे। दूसरी यात्रा 3 सितंबर को बेणेश्वर धाम (डूंगरपुर) से शुरू होगी। इसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रवाना करेंगे। तीसरी यात्रा 4 सितंबर को रामदेवरा (जैसलमेर) से शुरू होगी। इसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रवाना करेंगे। चौथी यात्रा गोगामेड़ी (हनुमानगढ़) से शुरू होगी। इसे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी रवाना करेंगे। राजस्थान में चार दिशाओं से यह चार यात्राएं निकाली जाएंगी। जो सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। कुल 8982 किलोमीटर का सफर तय करेगी। पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सालेचा, ज़िला महामंत्री करणी सिंह खींची, पूर्व महामंत्री महेन्द्र मेघवाल, जगदीश धानदिया मौजूद रहे।
किस दिन-कहां रहेगी यात्रा
4 सितंबर : जैसलमेर जिले के रामेदवरा से सुबह दस बजे प्रारंभ, पोकरण, लाठी, चांदन, जैसलमेर।
5 सितंबर : जैसलमेर, देवीकोट, फतेहगढ़, शिव, बाड़मेर शहर।
6 सितंबर : बाड़मेर, चौहटन, गुढ़ामालानी।
7 सितंबर : गुढ़ामालानी बायतु, पचपदरा।
8 सितंबर : पचपदरा, सिवाना, आहौर।
9 सितंबर : जालौर, भीनमाल, रानीवाड़ा, सांचौर।
10 सितंबर : सांचौर, रानीवाडा, मंडार, सिरोही के रेवदर, आबूरोड, स्वरूपगंज, पिण्डवाडा सिरोही।
11 सितंबर : सिरोही, शिवगंज, सुमेरपुर, बाली, रानी।
12 सितंबर : रानी, पाली, सोजत, रायपुर, बर चौराहा व ब्यावर।
13 सितंबर : ब्यावर, खरवा, मसूदा, रामगढ़, विजयनगर, बांदनवाडा, भिनाय, नागोला, केकड़ी।
14 सितंबर : केकड़ी, नसीराबाद, किशनगढ़, अजमेर।
15 सितंबर : अजमेर, पुष्कर, थांवला, रियां बडी, भैरूंदा, हरसोर, बकरी, परबतसर।
16 सितंबर : परबतसर, मकराना, कुचामन सिटी, मौलासर, डीडवाना।
17 सितंबर : डीडवाना, लाडनूं, रताउ, जायल, रोल, नागौर।
18 सितंबर : नागौर, खरनाल, खींवसर, ओसियां।
19 सितंबर : ओसिया, लोहावट, फलोदी, कोलू पाबूजी, बालेसर।
20 सितंबर : बालेसर, शेरगढ़, चोखा बाइपास से झंवर लूणी, डांगियावास बाइपास, कापरडा, बिलाड़ा।
21 सितंबर : बिलाड़ा, पीपाडसिटी भोपालगढ़ से शाम पांच बजे जोधपुर पहुंचेगी और आमसभा के साथ समापन होगा।