चित्तौड़गढ़— भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी शनिवार चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने सांवलिया सेठ मंदिर में दर्शन और पूजन कर प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के लिए आभार जताते हुए प्रदेश वासियों के शुभत्व की कामना की। बड़ी सादड़ी विधायक गौतम दक के जन्मदिन कार्यक्रम में सम्मिलित होकर बधाई दी और चित्तौड़गढ़ में स्टेडियम स्थित ऑडिटोरियम में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के लाभार्थियों से संबोधन को लोकसभा क्षेत्र के लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ सुना। साथ ही केंद्र की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए रथों को झंडी दिखाकर विधानसभा क्षेत्रों में रवाना किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का वास्तविक लक्ष्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है ताकि जो लोग इन योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाए हैं, उन्हें भी इसकी जानकारी मिले और वे भी इन योजनाओं का लाभ ले सकें।
सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य सबका साथ, सबका प्रयास, सबका विकास और सबके विश्वास का है। आमजन तक सरकार की विकास योजनाओं, कार्यों और उपलब्धियों को पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा श्रेष्ठ सिद्ध होगी। इसका लाभ सभी प्रदेशवासियों को मिलेगा। इसके साथ सायंकाल में निम्बाहेड़ा के उंखलिया में भी विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में भाग लिया व केंद्र सरकार की योजनाओं के साथ आमजन से रूबरू हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के साथ इस कार्यक्रम में विधायक श्रीचंद कृपलानी, अर्जुन लाल जीनगर, सुरेश धाकड़, भाजपा जिला अध्यक्ष मिट्ठू लाल जाट समेत पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, व प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।