राज्यपाल कलराज मिश्र और प्रथम महिला सत्यवती मिश्र ने शनिवार को विधानसभा आम चुनाव में मतदान किया।
राज्यपाल और मिश्र ने प्रात: 11.05 बजे जयपुर के सी स्कीम सरदार पटेल मार्ग स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय रेजीडेंसी मतदान केन्द्र पहुंचकर मतदान किया।
राज्यपाल मिश्र ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का पवित्र और सबसे जरूरी कार्य है। उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की यह मौलिक जिम्मेदारी है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
राज्यपाल मिश्र ने मतदान के बाद जयपुर के विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। उन्होंने लोकतंत्र के महापर्व पर आम जन की अधिकाधिक भागीदारी के लिए पात्र हर वर्ग को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।